*
बदायूं से मन मोहन सिंह की रिपोर्ट
बुधवार को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के साथ विकासखंड म्याऊं के अंतर्गत ग्राम नवीगंज में 69.11 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पशु चिकित्सालय का शिलान्यास कर भूमि पूजन किया। मंत्री ने बताया कि इस पशु चिकित्सालय के लिए शासन से 34.55 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी कर दी है। भूमि पूजन समारोह में उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा करना हमारा सबका धर्म है। कृषि एवं पशुपालन एक दूसरे के पूरक हैं। गाय राष्ट्र की माता है। किसानों की आय खेती के साथ-साथ पशु पालन करने से दोगुनी होगी। मंत्री ने नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना, बकरी पालन, कुक्कुट योजना आदि की भी विस्तार से जानकारी दी। किसानों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान भी किया। सांसद आंवला धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र होगा। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा अशोक भारतीय, लोकसभा संयोजक राणा प्रताप सिंह,मंडल अध्यक्ष भावेश प्रताप सिंह , सबले खान प्रधान (रिठिया) एसडीएम दातागंज धर्मेन्द्र कुमार सहित ग्राम प्रधान व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।