उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले दो दिनों तक घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति रहने वाली है और फिर स्थिति में सुधार होगा। यानी कि IMD ने खुशखबरी देते हुए बताया है कि दो दिनों बाद कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। पांच दिनों तक उत्तर भारत का न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। हालांकि, अगले एक हफ्ते तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी व उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 5 और 6 जनवरी को बारिश का अलर्ट है। इन दिनों जम्मू कश्मीर, लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है, जबकि उत्तर पश्चिम भारत में 4-9 डिग्री के बीच चल रहा है। वहीं, मध्य और पूर्वी भारत में यह 9-14 के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में ठंड बढ़ गई है और न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में भी एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के लिए राहत देते हुए बताया है कि अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने जा रही है। यानी कि जो ठंड पिछले 24 घंटे में बढ़ गई है, उससे थोड़ी राहत मिलेगी। वहीं, पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आने वाला, जबकि उसके बाद इसमें भी दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। महाराष्ट्र क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। सेंट्रल और गुजरात में अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव आने के संकेत नहीं हैं।