फर्रुखाबाद/अमृतपुर,
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाते हुए गंगा पार राजेपुर निवासी सुबोध सिंह राठौर को अमृतपुर मंडल का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गुरुवार को जिला एवं क्षेत्रीय संगठन की सहमति से उनका चयन किया गया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और खासतौर पर युवा वर्ग में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुबोध सिंह राठौर लंबे समय से भाजपा के सक्रिय सदस्य के रूप में जाने जाते हैं। उनकी शालीनता, जनसंपर्क क्षमता और सामाजिक सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वे आमजन के दुख-सुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने वाले कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखते हैं, जिससे युवाओं में उनका खासा प्रभाव है।
पदभार ग्रहण करने के बाद सुबोध सिंह राठौर ने कहा कि,
> “भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित पार्टी है जो किसी एक परिवार, जाति या वर्ग की नहीं बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के हित के लिए कार्य करती है। आज विश्व में भारत की जो पहचान बनी है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रवादी नीतियों का परिणाम है। चाहे अनुच्छेद 370 की समाप्ति हो, मिशन ‘सिंदूर’, चंद्रयान की सफलता या यूक्रेन-रूस युद्ध में भारतीयों की सुरक्षित वापसी — यह सभी उपलब्धियाँ भारत को वैश्विक पटल पर मजबूत बना रही हैं।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र और संगठन को सर्वोपरि मानते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करें। राठौर ने कहा, “राष्ट्र सुरक्षित है, तभी हम सुरक्षित हैं। हमें राष्ट्रहित में कार्य करते हुए संगठन को हर स्तर पर सशक्त बनाना है।”
संगठन के इस निर्णय से मंडल स्तर पर पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।