संवाद फर्रुखाबाद
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)।
कस्बा अमृतपुर के मुख्य बस स्टॉप पर मंगलवार को ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक करीब आधे घंटे तक ट्रैक्टर के नीचे फंसी रही, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में बाइक सवार सत्यम पुत्र दिलीप (उम्र लगभग 18 वर्ष) तथा शोभित पुत्र तिलकराम अवस्थी उर्फ पहाड़ी (उम्र लगभग 16 वर्ष), दोनों निवासी कस्बा अमृतपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। इसी बीच मौका पाकर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर व ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार हेतु राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में तैनात चिकित्सक अभिषेक चतुर्वेदी ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही उनके घरों में कोहराम मच गया। सत्यम की माता रजनी तथा शोभित की माता सुमन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों की चीख-पुकार से मोहल्ले का माहौल गमगीन हो गया।
बताया गया कि शोभित छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर का था। उसके भाई चंदन, कुंदन, रोहित, प्रतीक, मोहित तथा बहन स्वाति हैं। वहीं सत्यम अपने परिवार में दोनों बहनों प्रियम और प्रांशी का इकलौता भाई था। सत्यम के पिता दिलीप पेशे से किसान हैं, जबकि शोभित के पिता तिलकराम अवस्थी खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
मुख्य बस अड्डे पर दुर्घटना होने के कारण अमृतपुर–बदायूं मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष मोनू शाक्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को सामान्य कराया। ट्रैक्टर के नीचे फंसी बाइक को निकलवाने के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर व बाइक दोनों को थाने भिजवा दिया।
बताया गया है कि दोनों युवक टीवीएस बाइक से अपने घर जा रहे थे, जबकि ट्रैक्टर पर मौरंग लदी हुई थी। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

