*
_मैनपुरी से ब्यूरो रिपोर्ट_
कोतवाली क्षेत्र में 12वीं का छात्र अखंड प्रताप सिंह अपनी ही शिक्षिका से स्कूल में छेड़छाड़ करने लगा।जब इस बात की शिकायत छात्र के परिवार से की गई,तो कुछ समय के लिए सब ठीक रहा,लेकिन अखंड प्रताप की हरकतें फिर से शुरू हो गईं।आखिरकार परेशान होकर शिक्षिका ने स्कूल छोड़ दिया और दूसरे स्कूल में पढ़ाने लगी,लेकिन छात्र अखंड प्रताप यहीं नहीं रुका,उसने नई जगह पर भी शिक्षिका का पीछा करना शुरू कर दिया।जब शिक्षिका ने उसका विरोध किया, तो उसने एक खौफनाक कदम उठा लिया।रास्ते में शिक्षिका को रोककर उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया और उनके दोनों होंठ काट दिए।इसके बाद अखंड प्रताप मौके से फरार हो गया। शिक्षिका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन शहर के आगरा रोड स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। कक्षा 12 का अखंड प्रताप सिंह नाम का छात्र उनकी बहन पर बुरी नजर रखता था और अक्सर अश्लील हरकतें करता था।
इसकी शिकायत ‘पेरेंट्स-टीचर मीटिंग’ (PTM) में छात्र की मां से की थी। उस समय छात्र की मां ने भरोसा दिलाया था कि अखंड दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा,लेकिन उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया। छात्र अखंड प्रताप सिंह की छेड़खानी से परेशान होकर शिक्षिका ने आगरा रोड वाला स्कूल छोड़ दिया और ज्योति रोड पर एक दूसरे स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया, लेकिन अखंड प्रताप की सनक कम नहीं हुई,वह आए दिन नए स्कूल के रास्ते में शिक्षिका को रोककर परेशान करने लगा और उन पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी फतह बहादुर सिंह ने बताया कि शिक्षिका के भाई की तहरीर पर आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

