लखनऊ। यूपी विधानमंडल सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहरीले कफ सिरप कांड को लेकर बयान दिया है।सीएम ने कहा कि मामले में अब तक जो भी गिरफ्तारियां हुई हैं उन अभियुक्तों के समाजवादी पार्टी से संबंध पाए गए हैं।सीएम ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसा।सीएम के बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया है और उन्होंने भी शायराना अंदाज में बयान दिया है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा,जब ख़ुद फंस जाओ,तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ,ये खेल हुआ पुराना,हुक्मरान कोई नई बात बताओ।
कफ सिरप कांड पर बयान देते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह बात हर व्यक्ति जानता है कि प्रदेश के लगभग हर माफिया के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं। सीएम ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि एसटीएफ या उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए कुछ अभियुक्तों के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं। समाजवादी पार्टी,जो अपनी कार्यप्रणाली के लिए पहले से ही बदनाम और कुख्यात रही है, इस पूरे मामले में भी अपनी संलिप्तता उजागर होते हुए देखेगी।

सीएम योगी ने कहा कि इस विषय में पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम रूप से कुछ कहा जा सकता है,लेकिन इतना अवश्य कहा जा सकता है कि सपा प्रमुख द्वारा जो बातें कही जा रही हैं, उनकी स्थिति वही है, जैसा कि इस पंक्ति में कहा गया है: यही कसूर मैं बार-बार करता रहा,धूल चेहरे पर थी, आईना साफ करता रहा।यानी,जिन माफियाओं के साथ उनकी तस्वीरें सामने आ रही हैं, स्वाभाविक रूप से अवैध लेनदेन में उनकी संलिप्तता कहीं न कहीं सामने आएगी। सीएम ने कहा कि जांच होने दीजिए,दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

