संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। जनपद के राजेपुर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गलियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, लेकिन सफाईकर्मी दो-दो महीने तक झाड़ू लगाने नहीं आते। हालात ऐसे हैं कि नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं और उनमें गंदा पानी सड़ रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों के किनारे घास और झाड़ियां उग आई हैं, जिससे आवागमन में भी परेशानी हो रही है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। ब्लॉक स्तर पर बैठे अधिकारी केवल कागजों में ही अभियान को सफल दिखाने में लगे हैं, जबकि धरातल पर हालात बेहद खराब हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को गंदगी और बीमारियों से राहत मिल सके।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

