संवाददाता अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट
राजेपुर। कस्बे में जनसेवा केंद्र के अंदर बैठकर खुद को वैद्य बताकर लोगों का इलाज करने और बाल उगाने के नाम पर तेल बेचने का मामला सामने आया है। बुधवार को आयुर्वेदिक विभाग की टीम ने वैद्य महेंद्र के जनसेवा केंद्र पर छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया। इस दौरान वैद्य महेंद्र और टीम के बीच कहासुनी भी हुई।
आयुर्वेदिक टीम ने संबंधित व्यक्ति से उपचार और तेल बिक्री से संबंधित रजिस्ट्रेशन व अन्य अभिलेख मांगे। आरोप है कि मौके पर वह कोई वैध रजिस्ट्रेशन अथवा संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। टीम ने मौके पर जांच की और उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी ली।

आयुर्वेदिक विभाग के डॉक्टर विजय कुमार ने बताया कि मौके पर लोगों को कथित रूप से गुमराह कर तेल बेचे जाने की शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन, जीएसटी और अन्य जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, महेंद्र जनसेवा केंद्र में बैठकर बाल उगाने के नाम पर तेल देने तथा विभिन्न बीमारियों के उपचार का दावा करता था। आरोप है कि बाल उगाने के नाम पर लोगों से करीब 500 रुपये तक लिए जाते थे। लोगों ने उसकी चिकित्सकीय योग्यता और उपचार करने की वैध अनुमति पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिना वैध योग्यता और अनुमति के उपचार या दवा-तेल की बिक्री की जा रही है तो इससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने की आशंका है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित व्यक्ति के पास उपचार करने की वैध योग्यता, पंजीकरण और अन्य जरूरी अनुमति है या नहीं।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

