संवाददाता अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट
बाल उगाने की दवा के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाने की बात आई सामने
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। राजेपुर थाना क्षेत्र के कस्बे में संचालित विकास जन सेवा केंद्र एक बार फिर विवादों में आ गया है। शाहजहांपुर निवासी एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर महेंद्र नाम के व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि बाल उगाने की दवा के नाम पर उसके साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई है।
वायरल वीडियो में व्यक्ति का कहना है कि महेंद्र द्वारा उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। आरोप है कि वीडियो को सोशल मीडिया से डिलीट करने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने बाल उगाने की दवा के नाम पर ठगी किए जाने के साथ ही गाड़ी और संपत्ति अपने नाम कराए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विकास जन सेवा केंद्र पर संचालित गतिविधियों की जांच और कार्रवाई को लेकर संबंधित अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर के अधिकारियों की ओर से भी मामले में अभी तक कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।
अब सवाल यह उठता है कि संबंधित विभाग इस मामले में जांच कर क्या कार्रवाई करेगा? वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना जरूरी है। हालांकि, मामले में संबंधित व्यक्ति और स्वास्थ्य विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

