चाय की पत्ती, प्याज और लहसुन का पानी देकर बाल उगाने का दावा, अधिकारियों की कार्रवाई पर उठे सवाल
संवाददाता अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। राजेपुर कस्बे में स्थित विकास जन सेवा केंद्र पर बाल उगाने के नाम पर लोगों के साथ कथित ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। आरोप है कि महेंद्र नाम का युवक लोगों को बाल उगाने का दावा करके अपने झांसे में ले रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक चाय की पत्ती, प्याज और लहसुन के पानी सहित अन्य घरेलू चीजों के माध्यम से बाल उगाने का दावा कर रहा है। आरोप है कि इस तरह लोगों को भरोसे में लेकर उनसे रुपये वसूले जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी पहले भी अधिकारियों तक पहुंच चुकी है। कई बार अधिकारी जांच के लिए केंद्र पर पहुंचे, लेकिन आरोपों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर संबंधित विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, केंद्र के पंजीकरण और संचालक की योग्यता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि आखिर कब होगी जांच और कब होगी कार्रवाई?
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

