रतनपुर पमारान बाजार से परतापुर खुर्द मार्ग पर विवाद, ग्रामीण बोले— बनने से पहले ही बिगड़ गई सड़क की हालत
अमृतपुर, फर्रुखाबाद। क्षेत्र में हाल ही में तैयार कराई गई पीडब्ल्यूडी सड़क पर अवैध खुदाई का मामला सामने आया है। रतनपुर पमारान बाजार से परतापुर खुर्द तक बनाई गई सड़क को खोदकर क्षतिग्रस्त किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है और राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि अमैयापुर पश्चिम निवासी बहोरन पुत्र नन्नाकु व नन्नाकु पुत्र राजाराम द्वारा समर संचालन के दौरान सड़क को खोद दिया गया, जिससे सड़क की हालत खराब हो गई और नई बनी सड़क की परत कई जगह उखड़ गई।

मामले की जानकारी अधिवक्ता धर्मेंद्र राजपूत द्वारा संबंधित अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई अंकित सिंह मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क खुदी हुई पाई गई।
जेई अंकित सिंह ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट जिले के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद सड़क को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के तुरंत बाद ही इस तरह की खुदाई से सरकारी धन और निर्माण गुणवत्ता दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

