*
बड़े बेटे के गांव पहुंचते ही खुली हत्या की परतें,पुलिस ने फरार आरोपी पुत्र को किया गिरफ्तार
_प्रतापगढ़ से मंडल ब्यूरो ललित राजपूत की रिपोर्ट_
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है।पिता की हत्या करके शव को घर के कमरे में गड्ढा खोदकर दफनाने और फिर घर में ताला लगाकर फरार होने वाले बेटे 35 वर्षीय विजय द्विवेदी को महेशगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के बड़े बेटे ने 22 जुलाई को गुरुग्राम से गांव पहुंचकर पिता और छोटे भाई के लापता होने की सूचना दी।अगले दिन घर का ताला खोला गया तो कमरे में खुदाई के ताजा निशान और तेज दुर्गंध मिलने पर हत्या की आशंका हुई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस ने कमरे की खुदाई कराई, कमरे से मृतक जगदीश द्विवेदी का शव बरामद हुआ।इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।मंगलवार को थाना पट्टी क्षेत्र के महेवा मलकिया अंडरपास के पास से विजय द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में विजय द्विवेदी ने बताया कि 15 जुलाई को पिता से विवाद होने पर उसने उनकी हत्या कर दी थी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से उसने घर केउ कमरे में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया और अगले दिन घर में ताला लगाकर गुरुग्राम फरार हो गया।बाद में पत्नी से मिलने उसके मायके जाते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य संकलित कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती हिंसा और आपराधिक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

