प्रधान संपादक देवराज सिंह की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद, 29 जुलाई। थाना कादरी गेट क्षेत्र से प्राप्त सूचना के अनुसार शिवनारायण (पुत्र मंगेश्वर), निवासी ग्राम शेराखारा, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद की बुधवार सुबह दौड़ लगाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवनारायण प्रतिदिन की भांति बुधवार प्रातः आर्मी भर्ती की तैयारी के लिए ब्रह्मदत्त स्टेडियम, फतेहगढ़ दौड़ लगाने गए थे। दौड़ के दौरान वह अचानक स्टेडियम में गिर पड़े। उनके मित्र सुमित द्वारा तत्काल उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय, फर्रुखाबाद ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


सूचना मिलने पर उप निरीक्षक काशिफ हनीफ पुलिस टीम के साथ डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुँचे तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है तथा किसी प्रकार की लॉ एंड ऑर्डर की समस्या नहीं है।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

