सरेसर मजरा खड़गपुर में इंटरलॉकिंग सड़क पर गंदगी का अंबार, ग्रामीणों को आवागमन में हो रही भारी परेशानी; अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार राजपूत ने उठाया सफाई का मुद्दा
ब्यूरो चीफ हरदोई
हरपालपुर हरदोई। गांवों में विकास कार्यों के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। ग्राम सभा सरेसर के मजरा खड़गपुर में इंटरलॉकिंग सड़क पर फैली गंदगी ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर गंदगी और अव्यवस्था के चलते लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बदहाल स्थिति को देखकर अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार राजपूत का पारा चढ़ गया। उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान और जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, अमैयापुर पश्चिमी निवासी अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार राजपूत की ससुराल ग्राम सभा सरेसर के मजरा खड़गपुर में है। उनका आरोप है कि गांव में इंटरलॉकिंग सड़क और खड़ंजा तो बना हुआ है, लेकिन साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर गंदगी फैली रहती है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी निकलने में परेशानी उठानी पड़ रही है।

अधिवक्ता ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव की स्थिति बेहद चिंताजनक है। सड़क का निर्माण होने के बावजूद यदि उस पर गंदगी का अंबार लगा रहे तो विकास कार्यों का आम जनता को क्या लाभ मिलेगा? ग्रामीणों को रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते समस्या बनी हुई है।उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की मौके पर जांच कराने, साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने और संबंधित जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिलाधिकारी के संज्ञान में मामला पहुंचने के बाद गांव की बदहाल स्थिति सुधरती है या ग्रामीणों को इसी तरह गंदगी के बीच आवागमन करने को मजबूर रहना पड़ेगा।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

