बोलने में असमर्थ बीमार पति की जमीन पर कब्जे का आरोप, न्याय के लिए भटक रही पत्नी
अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार राजपूत की रिपोर्ट
तहसील दिवस में अधिवक्ता ने उठाई आवाज; पीएम-सीएम और उच्चाधिकारियों तक गुहार के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। गंभीर बीमारी से जूझ रहे पति की लाचारी का फायदा उठाकर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित महिला न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर जिले के उच्चाधिकारियों तक गुहार लगाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने पर अब यह मामला अमृतपुर तहसील दिवस में उठाया गया है।
मामला अमृतपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम कुतलूपुर का है। यहां के निवासी सतेंद्र पुत्र श्यामलाल पिछले करीब तीन वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और श्री राममूर्ति चिकित्सालय में उनका उपचार चल रहा है। बीमारी के कारण सतेंद्र की स्थिति इतनी नाजुक है कि वह बोलने में भी पूरी तरह असमर्थ हैं। आरोप है कि उनकी इसी लाचारी का फायदा उठाकर पारिवारिक लोगों और विपक्षियों ने उनकी जमीन को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, जमीन से जुड़ा यह विवाद उपजिलाधिकारी (SDM) अमृतपुर के न्यायालय में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के अंतर्गत वाद संख्या-116 के रूप में विचाराधीन है। मुकदमे के दौरान ही सतेंद्र के गंभीर रूप से बीमार पड़ जाने के कारण वे स्वयं अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखने में असमर्थ हो गए। ऐसे में अब उनकी पत्नी परिवार और जमीन को बचाने की लड़ाई लड़ रही हैं।
पीड़ित महिला ने न्याय की आस में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में गुहार लगाई, जहां अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार राजपूत ने अधिकारियों के समक्ष पीड़ित पक्ष की पीड़ा रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बेबस परिवार को कब तक राहत दिला पाता है।






बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

