प्रधान संपादक देवराज सिंह की रिपोर्ट
पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ मिलेगी निःशुल्क विधिक सहायता, जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में भी होगा प्रचार-प्रसार
फर्रुखाबाद/फतेहगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद की ओर से आगामी एक नवंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों के तहत सोमवार को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नीरज कुमार के निर्देशन में जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रचार वाहन जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को शिविर के उद्देश्य, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता एवं अन्य विधिक सेवाओं की जानकारी देगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।


शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसमें आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड से संबंधित सुविधाओं, महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं, दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी सलाह तथा अन्य विधिक सेवाओं के बारे में भी बताया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम संजय कुमार, अपर जिला जज पंचम एवं नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) प्रीतिमाला चतुर्वेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव बिंदिया भटनागर, मध्यस्थ जवाहर सिंह गंगवार, जेल विजिटर अताउल्लक तथा प्रशासनिक अधिकारी राम सिंह मौर्य सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे एक नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सरकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता और अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उठाएं।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

