संवाददाता अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम डाबरी में मनरेगा योजना के तहत चल रहे मिट्टी कार्य में गड़बड़ी और फर्जी हाजिरी लगाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर कोई मिट्टी कार्य नहीं हो रहा है, इसके बावजूद प्रतिदिन मजदूरों की हाजिरी दर्ज की जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रोजगार सेवक अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से फर्जी काम दिखाकर हाजिरी भरने का सिलसिला जारी है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और एपीओ की मिलीभगत से बिना कार्य कराए ही मजदूरों की हाजिरी लगाकर सरकारी धनराशि निकालने की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि डाबरी गांव में लगातार दूसरे दिन भी यह स्थिति बनी रही। इस संबंध में एपीओ राशिद अली का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

