संवाददाता अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट
राजेपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजेपुर में आशा और संगिनियों का धरना-प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है, जिसका सीधा असर अब आम स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने लगा है। गुरुवार को केंद्र की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गईं, जिससे दूर-दराज से पहुंचे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जांच कक्ष बंद, बिना इलाज लौटे मरीज
अस्पताल के जांच कक्ष में ताले लटके रहने के कारण ब्लड व अन्य जरूरी जांचें पूरी तरह बंद रहीं। इलाज कराने आए मरीजों का कहना है कि न तो उनकी जांच हो सकी और न ही उन्हें जरूरी दवाइयां मिल पाईं। इसके चलते कई मरीज बिना डॉक्टरी परामर्श और दवा लिए ही निराश होकर घर लौटने को मजबूर हुए।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने संभाला मोर्चा
अव्यवस्था और हड़ताल के बीच सीएचसी प्रभारी डॉ. मानसिंह खुद मोर्चा संभालते नजर आए। उन्होंने ओपीडी में बैठकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें परामर्श दिया। हालांकि, जांच और दवा वितरण व्यवस्था प्रभावित होने से मरीजों की कतारें लगी रहीं।
अधिकारियों से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने जल्द से जल्द धरने का समाधान निकालकर जांच कक्ष खुलवाने और दवाइयों की निर्बाध आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

