सह संपादक अलोक गुप्ता की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के रामपुर जाफरपुर निवासी 50 वर्षीय बेचेलाल राजपूत का शव रविवार सुबह अमरपुर स्थित देशी शराब के ठेके के पास पड़ा मिला। उनके एक हाथ पर चोट के निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, मृतक के परिजनों ने जमीन के विवाद में गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेचेलाल राजपूत शनिवार शाम करीब सात बजे खेतों की ओर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह अमरपुर स्थित देशी शराब के ठेके के पास स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
मृतक के एक हाथ पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। इस बीच परिजनों ने जमीन के विवाद को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

