अमैयापुर पश्चिमी में रामगंगा बाढ़ प्रभावित किसान ने गांव के ही व्यक्ति पर लगाया आरोप, जिलाधिकारी से शिकायत करने की कही बात
संवाददाता अधिवक्ता धर्मेंद्र राजपूत की रिपोर्ट
अमृतपुर, फर्रुखाबाद।
रामगंगा की बाढ़ से प्रभावित फसल के मुआवजे की धनराशि को लेकर अमृतपुर तहसील क्षेत्र के गांव अमैयापुर पश्चिमी में विवाद सामने आया है। गांव निवासी मनजीत उर्फ मजेती पुत्र जयचंद ने गांव के ही राम बहोरन पुत्र नन्हे उर्फ करें पर अंगूठा लगवाकर उनके खाते से 5,500 रुपये निकालने के बाद रकम वापस न देने का आरोप लगाया है।
मजेती के अनुसार, रामगंगा बाढ़ से प्रभावित उनकी फसल के मुआवजे की धनराशि उनके बैंक खाते में आई थी। आरोप है कि राम बहोरन ने अंगूठा लगवाकर खाते से 5,500 रुपये निकाल लिए। अब जब वह अपनी रकम वापस मांग रहे हैं, तो रुपये देने से इनकार किया जा रहा है।
मजेती का कहना है कि राम बहोरन मुआवजा दिलवाने के लिए किए गए कार्य के बदले उक्त धनराशि लेने की बात कह रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि यदि मुआवजे से संबंधित काम कराने के बदले उनका कोई जायज मेहनताना बनता है, तो वह नियमानुसार देने को तैयार हैं, लेकिन बिना हिसाब-किताब के उनकी पूरी रकम अपने पास रखना उचित नहीं है।
मजेती ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें उनकी धनराशि वापस नहीं मिली, तो वह जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे। जरूरत पड़ने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक अपनी फरियाद पहुंचाएंगे, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें न्याय मिल सके।
अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर शिकायत की जांच कराते हैं या नहीं। हालांकि, आरोपों के संबंध में दूसरे पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

