फर्रुखाबाद संबाद
संवाददाता राजेपुर
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव कुइयां में बीती रात लगभग तीन बजे एक संदिग्ध चोरी और फायरिंग की घटना सामने आई। घटना में गांव निवासी भानु पुत्र देवेश पाठक घायल हो गए। बताया गया कि भानु सरकारी शिक्षक हैं और शेराखार गौंटिया विद्यालय में तैनात हैं, जबकि उनके भाई वैभव पुत्र देवेश पाठक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।


परिजनों के अनुसार देर रात घर में पांच बदमाश घुस आए। उस समय वैभव नीचे के कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि बदमाशों ने हमला कर भानु को पकड़ लिया और अपने साथ ले जाने लगे। इसी दौरान वैभव ने शोर मचा दिया, जिससे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें भानु गोली लगने से घायल हो गए। मौके से ग्रामीणों ने नौ कारतूस, एक 315 बोर का तमंचा तथा एक चाकू बरामद करने का दावा किया है।
घटना के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया, जिनकी पहचान उमेश पुत्र हरनाम तथा बलवंत पुत्र अवध बिहारी निवासी बीबीपुर थाना इमलिया, जिला सीतापुर के रूप में बताई गई है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं, जबकि अन्य तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने करीब 250 ग्राम चांदी की पायल, 250 ग्राम चांदी की बिछिया, दो सोने की जंजीरें, दो जोड़ी सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी तोड़ियां तथा लगभग छह लाख रुपये नकद चोरी होने की बात कही है।
हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं और मामला संदिग्ध भी प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि जब घर में घुसे दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, तो कथित चोरी गया माल आखिर कहां गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बैकुंठ की आवाज Latest Online Breaking News

